छत्तीसगढ़ में सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 10 अप्रैल तक अभ्यर्थी कर सकेंगे पंजीयन

रायपुर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के इच्छुक युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि को 1 अप्रैल 2026 से बढ़ाकर अब 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है। पात्र अभ्यर्थी सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

इस भर्ती अभियान के लिए आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुई थी। भर्ती नियमों के अनुसार, 17 वर्ष 6 माह से लेकर 21 वर्ष तक की आयु वाले युवा इस प्रक्रिया में शामिल होने के पात्र हैं। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर विभिन्न पदों के लिए 8वीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक या डिप्लोमा धारक उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार, जिले के युवाओं को आवेदन प्रक्रिया में तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए ब्लॉक स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। अभ्यर्थी अपने नजदीकी जनपद पंचायत, नगर पंचायत, शासकीय महाविद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज या नगरीय निकायों में जाकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, यदि किसी आवेदक को फॉर्म भरने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आती है, तो वह जिला रोजगार कार्यालय रायपुर में संचालित सेना भर्ती हेल्प डेस्क से सीधे संपर्क कर सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि बढ़ने से उन युवाओं को विशेष लाभ होगा जो तकनीकी कारणों या जानकारी के अभाव में अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे।

About The Author