संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर निर्मल दिवस कार्यक्रम आयोजित, मुख्यमंत्री साय हुए शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्र संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवन और कार्यों से समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का उनका संदेश आज भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि संत गाडगे बाबा की स्वच्छता की प्रेरणा से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान का स्मरण होता है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2014 को लाल किले से स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की गई थी, जो अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सम्मान मिला है। शौचालय निर्माण से उनकी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गईं। इन योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि देश आर्थिक रूप से निरंतर मजबूत हो रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया गया है। राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के सम्मान और समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि सफल और संस्कारित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, आरती एवं स्मारिका का विमोचन किया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और समाज के लोगों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू और पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ ने भी संबोधित किया। संत गाडगे बाबा के वंशज, छत्तीसगढ़ रजक समाज के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
