मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला की मुलाकात, क्षेत्रीय विकास और हवाई सेवा पर चर्चा
रायपुर, 18 मार्च 2026। विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।
उपमुख्यमंत्री शुक्ला ने बताया कि रीवा और रायपुर अब सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गए हैं। दोनों राज्यों के संयुक्त प्रयासों से लोगों को हवाई सेवा की महत्वपूर्ण सुविधा मिली है। उन्होंने इस दिशा में मुख्यमंत्री साय के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी साझा हितों को आगे बढ़ाने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि रायपुर और रीवा के बीच हवाई सेवा शुरू होने से दोनों राज्यों के लोगों की यात्रा अब अधिक सुगम हो गई है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
