नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, नारायणपुर में सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला विस्फोटक और दवाइयों का भंडार

नारायणपुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक, दैनिक उपयोग की सामग्री और मेडिकल सामान बरामद किया गया है।

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन विकास गुड़िया ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर त्वरित और सुनियोजित एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग ऑपरेशन चलाया गया। ग्राम कुमुराडी क्षेत्र में नक्सलियों के एक ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, आधुनिक और इम्प्रोवाइज्ड हथियार, मेडिकल सामग्री तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त की गईं।

25 फरवरी को सूचना मिलने के बाद सीओबी मंदोडा, 53वीं बटालियन आईटीबीपी और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम एरिया डॉमिनेशन के लिए ग्राम कुमुराडी के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की ओर रवाना हुई थी। सघन तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों के ठिकाने में छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया।

जब्त सामग्रियों में प्राइमा कॉर्ड, सेफ्टी फ्यूज, ऑरेंज फ्यूज, लगभग 35 किलोग्राम सुतली बम, 38 किलोग्राम उर्वरक पाउडर, 18 किलोग्राम इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक, 2.5 किलोग्राम चारकोल, 5 एएमएन पाउच, 1 इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर, 13 रॉकेट लॉन्चर सेल, 19 भारी मोर्टार सेल, 11 हल्के मोर्टार सेल, 1 बड़ा इम्प्रोवाइज्ड बीजीएल लॉन्चर, 1 छोटा इम्प्रोवाइज्ड बीजीएल लॉन्चर, 8 मध्यम बीजीएल कारतूस, 15 छोटे बीजीएल कारतूस, 12 बड़े बीजीएल कारतूस, 70 लंबी दूरी के बीजीएल राउंड, 55 छोटी दूरी के बीजीएल राउंड और 2 इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड के साथ चिकित्सा सामग्री और दवाइयां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author