MP News: सीएम फेलोज संभालेंगे विकास योजनाओं के मूल्यांकन की जिम्मेदारी, CM मोहन यादव ने दिया बड़ा संदेश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत चयनित सीएम फेलोज से प्रदेश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। भोपाल स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि युवा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का मूल्यांकन कर उनकी कमियों की पहचान करने और आवश्यक सुधार सुझाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
55 जिलों से चयनित युवा करेंगे योजनाओं का मूल्यांकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 55 जिलों से चयनित युवा सीएम फेलोज केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा प्रशासनिक इकाइयों के कार्यों का प्रभावी मूल्यांकन करेंगे। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को पहचानने और उनके समाधान में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के साथ समन्वय बनाकर जमीनी स्तर पर कार्य करना चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।
2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपने दायित्वों को केवल नौकरी तक सीमित न रखने और प्रदेश के विकास तथा जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करने की अपील की।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
आत्मविश्वास, विनम्रता और संवाद पर जोर
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवाओं की सफलता के लिए आत्मविश्वास, विनम्र व्यवहार और बेहतर संवाद शैली आवश्यक है। उन्होंने सीएम फेलोज को जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने और स्थानीय परिस्थितियों को समझते हुए समस्याओं का समाधान खोजने की सलाह दी।
भोपाल की प्राची गौर के मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने समय प्रबंधन, शांतचित्त रहकर काम करने और आम लोगों से सहज संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नवाचार अपनाने और किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव को भी महत्व देने की सलाह दी।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण में सीखेंगे प्रशासनिक कार्यप्रणाली
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीएम फेलोज को डाटा विश्लेषण, जिला स्तरीय प्रशासनिक संरचना और सरकारी कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, कृषि एवं कृषक कल्याण तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रशिक्षण में मार्गदर्शन दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए। संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रदेशभर से आए युवा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुख्य उद्देश्य: युवाओं की भागीदारी से सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना।
