Lava Bold 2 5G: एमोलेड डिस्प्ले और 50MP कैमरे के साथ आया नया फोन, देखें खास स्पेसिफिकेशन्स
नई दिल्ली। 15 हजार रुपये तक के बजट में नया स्मार्टफोन तलाश रहे ग्राहकों के लिए लावा ने अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Bold 2 5G लॉन्च किया है। कंपनी ने इस फोन को मीडियाटेक डाइमेंसिटी प्रोसेसर के साथ पेश किया है, जिसका एंटूटू स्कोर पांच लाख से अधिक बताया गया है।
फोन में 6 जीबी रैम के साथ 6 जीबी वर्चुअल रैम का भी सपोर्ट दिया गया है। सुरक्षा के लिए इसमें इन डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह स्मार्टफोन यूजर्स को बिना ब्लोटवेयर का साफ सॉफ्टवेयर अनुभव देगा।
फोन के 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 12 हजार 999 रुपये रखी गई है। यह कीमत बैंक ऑफर के बाद लागू होगी।
उपलब्धता की बात करें तो इस स्मार्टफोन की बिक्री 19 मार्च को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। ग्राहक इसे ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन से खरीद सकेंगे। यह फोन मिडनाइट ब्लैक और फेदर व्हाइट रंग विकल्पों में उपलब्ध होगा।
इस कीमत के सेगमेंट में लावा का यह नया स्मार्टफोन मोटोरोला जी57 पावर 5G, रेडमी नोट 14 एसई 5G, पोको एम7 प्लस 5G, सैमसंग गैलेक्सी एफ06 5G और वीवो टी4एक्स 5G जैसे स्मार्टफोनों को टक्कर देगा।
Lava Bold 2 5G में 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट के साथ 6.67 इंच का फुल एचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है। फोन में 2.6 गीगाहर्ट्ज स्पीड वाला मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7060 प्रोसेसर मिलता है।
फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे 50 मेगापिक्सल का एआई रियर सोनी कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं फोन में 33 वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ 5000 एमएएच की बैटरी दी गई है। यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 15 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।
