कोरबा मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया निरीक्षण
कोरबा। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा जिले के ग्राम भूलसीडीह स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज की अधोसंरचना का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री देवांगन को मेडिकल कॉलेज में विकसित की जा रही क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल प्रयोगशालाओं, एनाटॉमी विभाग, फिजियोलॉजी विभाग तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज से जुड़े सभी निर्माण कार्य आगामी जनवरी माह तक पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कोरबा के लिए बड़ी उपलब्धि है मेडिकल कॉलेज
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर देशभर में अनेक विकास कार्य हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में कोरबा जिले में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार हुई हैं।
उन्होंने कहा कि भूलसीडीह मेडिकल कॉलेज कोरबा जिले के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो भविष्य में क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने परियोजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने की प्रतिबद्धता जताई।
मेडिकल कॉलेज के पूर्ण होने के बाद कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, वहीं स्थानीय विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।
