कादरचौक शराब दुकान में नया बवाल: 3.70 लाख की कैश कमी के बीच फरार सुपरवाइजर का कथित सुसाइड नोट आया सामने
रायपुर। राजधानी रायपुर की कादरचौक स्थित सरकारी विदेशी मदिरा दुकान में लाखों रुपये की कैश कमी का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। करीब 3.70 लाख रुपये की कथित गड़बड़ी और सुपरवाइजर सूरज निर्मलकर के फरार होने के बाद अब उसके नाम से लिखा गया एक कथित सुसाइड नोट सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
सूत्रों के अनुसार, सामने आए नोट में सूरज निर्मलकर ने दावा किया है कि सरकारी गल्ले से हुई कैश कमी के लिए वह अकेला जिम्मेदार नहीं है। नोट में उसने दुकान में कार्यरत सेल्समैन सोमनाथ बांधे पर कैश चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही यह भी लिखा गया है कि उसने इस संबंध में हेमंत कुमार वैष्णव और फील्ड ऑफिसर चंद्रशेखर उर्फ विक्की को शिकायत के साथ वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराए थे, लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कथित सुसाइड नोट में सूरज ने यह भी आरोप लगाया है कि कैश कमी के मामले को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उसने लिखा है कि प्लेसमेंट कंपनी और संबंधित अधिकारियों द्वारा कानूनी कार्रवाई, नौकरी से निष्कासन और जेल भेजने की धमकियां दी जा रही थीं। नोट के अनुसार, इसी मानसिक तनाव और कथित प्रताड़ना के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाने का फैसला किया।
हालांकि, पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल इस कथित सुसाइड नोट की प्रामाणिकता को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि नोट पर सूरज निर्मलकर के हस्ताक्षर मौजूद नहीं हैं, जिसके कारण जांच एजेंसियां इसकी सत्यता की पुष्टि करने में जुटी हुई हैं।
इधर, सरकारी गल्ले से लाखों रुपये गायब होने और सुपरवाइजर के अचानक लापता होने की घटना से आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों और संबंधित प्लेसमेंट कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं दुकान के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ जारी है।
फिलहाल, फरार सुपरवाइजर, लाखों रुपये की कैश कमी और सामने आए कथित सुसाइड नोट को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।
