कवर्धा में योग का उत्सव: हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया स्वस्थ जीवन का आधार
कवर्धा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से भारत की हजारों वर्षों पुरानी योग परंपरा आज पूरी दुनिया में अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे विश्व के 170 से अधिक देशों का समर्थन प्राप्त हुआ। आज योग न केवल भारत की सांस्कृतिक पहचान बना है, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का रूप भी ले चुका है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का 12वां वर्ष भारतीय ज्ञान परंपरा और ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन को स्मरण करने का अवसर है। हमारे पूर्वजों ने योग जैसी वैज्ञानिक और प्रमाणित जीवनशैली हमें विरासत में दी है, जो आज भी स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को निरोग रखने के साथ मन को भी शांत और सकारात्मक बनाता है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। योग हर आयु वर्ग के लिए लाभकारी है और समाज के सभी वर्गों ने इसे अपनाकर इसके सकारात्मक परिणामों का अनुभव किया है।
कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सुरेश चंद्रवंशी एवं अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र की शुरुआत प्रार्थना से हुई। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, वक्रासन, भुजंगासन, उत्तान मंडूकासन, मकरासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन तथा विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने प्रत्येक आसन के स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन ध्यान और प्रार्थना के साथ हुआ।
इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल, गोपाल साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
