पहले चरण के मतदान में बिजली कटौती के आरोप पर चुनाव आयोग का जवाब: दावे निराधार, मतदान शांतिपूर्वक जारी
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जनता दल ने आरोप लगाया कि महागठबंधन के मजबूत बूथों पर जानबूझकर बिजली काटी जा रही है, जिससे मतदान की रफ्तार धीमी हो रही है। पार्टी ने इसे धांधली की कोशिश बताते हुए चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
RJD ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से कहा कि कई जगहों पर बिजली कटौती हो रही है, जिससे वोटिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। पार्टी ने आयोग से इस पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।
इन आरोपों पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार ने प्रतिक्रिया देते हुए दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया। आयोग ने कहा कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से मतदान जारी है। भारत निर्वाचन आयोग मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है और ऐसे आरोपों का कोई आधार नहीं है।
सीईओ कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि अफवाह या झूठे दावे प्रसारित कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध है।
इसी बीच, राजनीतिक आरोपों के बावजूद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है और आयोग के अनुसार मतदान प्रतिशत में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की जा रही है।
