शराब घोटाला मामले में ईडी की छापेमारी, रायपुर और महासमुंद में 9 ठिकानों पर कार्रवाई, सियासत तेज


रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर और महासमुंद में कुल 9 ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी की इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

मंत्री टंकराम वर्मा ने ईडी की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि जो भी भ्रष्टाचार करेगा, वह किसी भी हालत में बच नहीं पाएगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले पर संभाग आयुक्त की भी नजर है और शेष सभी रिपोर्ट मंगवाई जा रही हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए विधानसभा में विधेयक भी लाया गया है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ईडी की कार्रवाई को खानापूर्ति करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां केवल छोटी मछलियों पर कार्रवाई कर रही हैं, जबकि बड़े घोटालों में शामिल प्रभावशाली लोग रडार से बाहर हैं। दीपक बैज ने कहा कि भारतमाला मुआवजा घोटाले में भी बड़ी मछलियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और मामले में भाजपा के बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि सोमवार सुबह ईडी की टीम ने रायपुर में हरमीत खनूजा और महासमुंद में कारोबारी जसबीर सिंह बग्गा के ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों की सात अलग-अलग टीमें जांच के लिए पहुंची थीं। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान संबंधित स्थानों के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

About The Author