राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, लोकभवन में अधिकारियों की बैठक

रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में आज लोकभवन में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली तैयारियों पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक व्यवस्था से लेकर पार्किंग तक की समीक्षा

बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी जरूरी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष जोर

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और प्रोटोकॉल के अनुरूप वाहनों की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, जिससे प्रवास के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक श्री आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

About The Author