CM Vishnu Deo Sai Singapore Visit: निवेश के नए अवसरों की तलाश में सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय

सिंगापुर। छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने और प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया।

SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम SING Forum 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।

निवेश के अवसरों पर होगी चर्चा

CEO राउंडटेबल के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा। राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधन, अधोसंरचना और कुशल मानव संसाधन सहित उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए।

उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग

मुख्यमंत्री की SING Forum 2026 में भागीदारी छत्तीसगढ़ के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर है। इस मंच के माध्यम से राज्य अपनी विकास क्षमता, निवेश अनुकूल वातावरण और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को वैश्विक उद्योग जगत के सामने प्रस्तुत करेगा।

सरकार की कोशिश है कि अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ संवाद के माध्यम से प्रदेश में नए निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के लिए संभावनाओं का विस्तार किया जा सके।

About The Author