President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति मुर्मु ने मां दंतेश्वरी के किए दर्शन, देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

जगदलपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी किए मां दंतेश्वरी के दर्शन

इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के प्रति पूरे अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।

राष्ट्रीय स्तर पर पहचान पाएगी बस्तर की सांस्कृतिक विरासत

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

बस्तर की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा में मां दंतेश्वरी का विशेष स्थान

मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। क्षेत्र के लोगों की उनके प्रति गहरी आस्था है और उनकी उपासना बस्तर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है।

मां दंतेश्वरी से जुड़ी श्रद्धा सदियों पुरानी परंपराओं और बस्तर के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में गहराई से रची-बसी है। राष्ट्रपति के दर्शन-पूजन ने इस धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

About The Author