शिवनंदनपुर को मिली विकास की नई सौगात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया मंगल भवन निर्माण का ऐलान, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को दिलाई विकास की जिम्मेदारी
सूरजपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने सूरजपुर प्रवास के दौरान नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए जनसेवा और विकास के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक 06 में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंगल भवन निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। घोषणा होते ही उपस्थित नागरिकों ने उत्साह व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है। इससे सुनियोजित नगरीय विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन प्रतिनिधियों को विश्वास के साथ चुना है, उनके लिए अब विकास और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधि शासन तथा जनता के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री कॉल सेंटर की जानकारी देते हुए कहा कि लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। सरकार उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्रियों ने बताया ऐतिहासिक कदम
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिवनंदनपुर के नगर पंचायत बनने से क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यहां विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और प्रयासों से शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिला है, जो क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है।
विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को नए आवासों की चाबियां सौंपी गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण आहारों का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना की और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर योजना के लाभों की जानकारी ली।
विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना
स्कूल शिक्षा विभाग के स्टॉल में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करवां के विद्यार्थियों ने सोलर सैनिटेशन किट सहित कई वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के नवप्रवर्तक बताया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया। मत्स्य पालन प्रसार योजना के अंतर्गत महिलाओं को आइस बॉक्स और आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदन कार्ड सौंपे गए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रेना जमील सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
