CM डॉ. मोहन यादव बोले- राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी ही जागरूक नागरिक की पहचान

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के विद्यार्थी ही उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। लोकतंत्र को समझना, उसके मूल्यों को आत्मसात करना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना ही एक जागरूक नागरिक की पहचान है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक-1 में विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही देखने आए विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान आगर-मालवा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों तथा स्टेम फील्ड इंटरनेशनल स्कूल, जबलपुर के 40 विद्यार्थियों ने उनसे सौजन्य मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का सबसे अच्छा माध्यम है। यहां यह जानने का अवसर मिलता है कि सरकार कैसे कार्य करती है, कानून कैसे बनाए जाते हैं और संसदीय परंपराएं किस प्रकार संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से विधानसभा भ्रमण के अनुभव भी साझा करने को कहा। विद्यार्थियों ने बताया कि पहली बार सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष देखने और संसदीय लोकतंत्र को करीब से समझने का अवसर उन्हें बेहद प्रेरणादायक लगा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता और नवाचार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आगर से विधायक माधव सिंह (मधु गहलोत) तथा जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी के मार्गदर्शन में भोपाल पहुंचे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न मॉडल और आकर्षक सीनरी भी भेंट की।

About The Author