मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से किडनी रोगी को मिली नई जिंदगी की उम्मीद
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील और जनहितैषी नेतृत्व में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए संजीवनी साबित हुई है। जशपुर जिले के गंभीर किडनी रोग से पीड़ित 44 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव को किडनी प्रत्यारोपण और उपचार के लिए मुख्यमंत्री ने 3 लाख 95 हजार 121 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र कुमार यादव लंबे समय से गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे हैं और उनके जीवन को बचाने के लिए रेनल ट्रांसप्लांट (किडनी प्रत्यारोपण) आवश्यक था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए महंगे इलाज का खर्च वहन करना संभव नहीं था, जिसके चलते परिजनों ने मुख्यमंत्री के बगिया स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर सहायता की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए। राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह राशि अहमदाबाद स्थित जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण, उपचार और आवश्यक दवाइयों के लिए प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी मरीज के उपचार में बाधा न बने। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें जीवनरक्षक उपचार सहज रूप से मिल सके।
मुख्यमंत्री की इस पहल से मरीज और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से अब इलाज और किडनी प्रत्यारोपण का रास्ता आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आया है।
यह पहल राज्य सरकार की संवेदनशील सोच, मानवीय सरोकार और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है, जो जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
