अमेरा खदान विस्तारीकरण के विरोध में ग्रामीणों और एसईसीएल प्रबंधन के बीच झड़प, कई घायल
अंबिकापुर (सरगुजा)। लखनपुर ब्लॉक स्थित अमेरा ओपनकास्ट कोल माइन के विस्तारीकरण को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद बुधवार को उस समय उग्र हो गया जब एसईसीएल प्रबंधन पुलिस बल के साथ भारी मशीनरी लेकर विस्तारीकरण कार्य शुरू करने मौके पर पहुंचा।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान विस्तारीकरण से उनकी कृषि भूमि, पर्यावरण और आजीविका पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। महीनों से चल रहे विरोध के कारण खदान का उत्पादन पहले से ही ठप पड़ा हुआ है।
बुधवार को जैसे ही एसईसीएल का दल मशीनरी सहित मौके पर पहुंचा, पहले से विरोध प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों ने कार्य रोकने की मांग की। बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बेकाबू होने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई तथा पथराव भी हुआ।
हंगामे में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें आईं। प्रशासन ने अभी तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद पूरे खदान क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है तथा पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
