चीन में 5.1 तीव्रता के भूकंप के बाद नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा, त्रिशूली इलाका खाली

नेपाल/चीन। चीन के सिचुआन प्रांत में शुक्रवार को 5.1 तीव्रता का भूकंप आने के बाद नेपाल में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, तिब्बत की ओर बांध टूटने की सूचना मिली है, जिसके चलते त्रिशूली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका जताई गई है।

त्रिशूली इलाके में अलर्ट, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा

संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने त्रिशूली क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। नेपाल पुलिस ने सुरक्षा कर्मियों, राहत-बचाव दल और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही आसपास के लोगों को भी खतरे की जानकारी देने के लिए कहा गया है।

सेना और हेलीकॉप्टर राहत-बचाव में जुटे

नेपाल की प्रतिनिधि सभा में विपक्ष के नेता भीष्म राज आंगदेम्बे के अनुसार, नेपाली सेना और हेलीकॉप्टर टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव कार्य जारी है।

त्रिशूली-रसुवा सड़क का निर्माण रोका गया

बाढ़ के नए खतरे को देखते हुए त्रिशूली-रसुवा सड़क निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। निर्माण में लगी JCB मशीनों को वापस बुला लिया गया है। भारी मलबे के कारण रसुवा जाने वाला रास्ता भी बाधित हो गया है।

पहले से ही बाढ़ की मार झेल रहा नेपाल

नेपाल में हालिया फ्लैश फ्लड के कारण स्थिति पहले से गंभीर बनी हुई है। अब तक 469 लोगों की मौत और 1,545 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बाढ़ में कई सड़कें और पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

ऐसे में तिब्बत की ओर बांध टूटने की नई सूचना ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। त्रिशूली नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

About The Author