मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 ने देश का ध्यान छत्तीसगढ़ की ओर खींचा
रायपुर, 03 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल आडिटोरियम, रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 दिनों में छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर दिखी जोश और ऊर्जा ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश की आदिवासी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उनकी खेल क्षमता को उजागर करने का अनूठा अवसर साबित हुआ।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विजन और मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ देश के खेल मानचित्र में प्रमुख स्थान पर है। उन्होंने घोषणा की कि यह गेम्स अब प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज और खेल के सदियों पुराने रिश्ते का उल्लेख करते हुए कहा कि तीरंदाजी, दौड़ और कुश्ती जैसे खेल जनजातीय जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपनी जनजातीय पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि इस समाज में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है, जिसे सही मंच मिलने पर देश-विदेश में पहचान मिल सकती है। यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एकता, संस्कृति और कौशल का महाकुंभ रहा। 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के जनजातीय खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले कर्नाटक, द्वितीय स्थान पर ओडिशा और तृतीय स्थान पर झारखंड के खिलाड़ियों को बधाई दी। छत्तीसगढ़ के 19 पदकों (03 स्वर्ण, 10 रजत, 06 कांस्य) पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्होंने स्विमिंग में अनुष्का भगत (4 रजत), निखिल खलखो, न्यासा पैकरा, एथलेटिक्स में सिद्धार्थ नागेश (स्वर्ण व रजत), वेटलिफ्टिंग में निकिता (स्वर्ण), बालिका फुटबॉल (स्वर्ण) और बालक हॉकी (कांस्य) के प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की: व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण के लिए 2 लाख रुपये, रजत के लिए 1.5 लाख रुपये, कांस्य के लिए 1 लाख रुपये; दलीय स्पर्धा में स्वर्ण के लिए 1 लाख रुपये, रजत के लिए 75 हजार रुपये, कांस्य के लिए 50 हजार रुपये।
उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि पूरे देश के जनजातीय खिलाड़ियों ने इस खेल महाकुंभ में उत्साह से भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय खेल मंत्री के मार्गदर्शन और राज्य सरकार द्वारा आवास, भोजन आदि बेहतर सुविधाओं के लिए आभार जताया।
मुख्य सचिव श्री विकास शील ने सभी को बधाई देते हुए बताया कि इस आयोजन में देशभर के 2000 से अधिक जनजातीय खिलाड़ी एवं अधिकारी शामिल हुए। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मेरीकॉम और फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि रहे। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, खेल सचिव श्री यशवंत कुमार, रायपुर कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।
