योग से स्वस्थ शरीर और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प, योग आयोग को मिलेगी नई दिशा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

योग आयोग के नए अध्यक्ष को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री साय ने संजय अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग प्रदेशभर में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि आयोग गांव-गांव, विद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। आज 176 से अधिक देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाकर भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का सम्मान कर रहे हैं, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

आयुर्वेद और वेलनेस हब बनने की क्षमता रखता है छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय का गठन किया और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को मजबूत करने के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है। राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है। राज्य सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विधायक किरण सिंह देव ने विश्वास व्यक्त किया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश के हर गांव, शहर और परिवार तक योग की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगा।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और योग साधक रहे मौजूद

समारोह में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण देव, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, योग साधक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author