आवास मेले के लक्की ड्रॉ में सारंगढ़ की पूजा बरेठ ने जीती मारुति स्विफ्ट कार, विजेताओं में दिखा उत्साह

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के तहत सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंडल मुख्यालय में विशेष लक्की ड्रॉ का आयोजन किया गया। पारदर्शी और निष्पक्ष लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवास एवं व्यावसायिक योजनाओं के हितग्राहियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही, अधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश शरण की उपस्थिति में आयोजित इस विशेष लक्की ड्रॉ में मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, होंडा एक्टिवा स्कूटी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन और एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक उपहारों के लिए विजेताओं का चयन किया गया।

सबसे बड़ा आकर्षण रहा बम्पर पुरस्कार मारुति स्विफ्ट कार, जिसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पूजा बरेठ ने अपने नाम किया। पूजा बरेठ ने अटल विहार योजना, दानसरा में एलआईजी भवन क्रमांक-32 बुक कराया था। वहीं कोरबा जिले के रवि प्रकाश राठौर होंडा शाइन मोटरसाइकिल के विजेता बने। उन्होंने गोकुल नगर, खरमोरा स्थित कमर्शियल-कम-रेजिडेंशियल फ्लैट की दुकान क्रमांक-06 खरीदी है।

होंडा एक्टिवा स्कूटी का पुरस्कार कृष्ण कुमार को मिला, जिन्होंने गोकुल नगर, खरमोरा, कोरबा में एमआईजी फ्लैट क्रमांक एफ-302 बुक कराया है। रेफ्रिजरेटर के विजेताओं में सुषमा गुप्ता और अरुण कुमार प्रधान शामिल रहे। वाशिंग मशीन ओम सोनी और रेणुका घृतलहरे को मिली, जबकि एलईडी टेलीविजन गजेन्द्र कुमार यादव और संजीत कुमार साह के नाम रहा।

उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के दौरान भी प्रतिदिन कूपन आधारित लक्की ड्रॉ के माध्यम से प्रतिभागियों को एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर और स्टीम आयरन जैसे उपहार प्रदान किए गए थे।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि गृह निर्माण मंडल राज्य के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने और हितग्राही-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

आयुक्त अवनीश शरण ने सभी हितग्राहियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी मंडल की योजनाओं में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की।

विशेष लक्की ड्रॉ के विजेताओं को 25 जून 2026 को सर्किट हाउस, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

About The Author