छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का भव्य समापन, CM विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बोले- राष्ट्रीय टीम में खेलेंगे प्रदेश के खिलाड़ी
…
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिला है।

छह टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। जरूरत है उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उचित अवसर उपलब्ध कराने की।
प्रतियोगिता में छह टीमों राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस ने हिस्सा लिया। बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को एक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
हर टीम में शामिल रहे एक ओलंपिक खिलाड़ी
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की खास बात यह रही कि प्रत्येक टीम में एक-एक ओलंपिक खिलाड़ी शामिल रहा। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने और हॉकी की बारीकियां सीखने का मौका मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ बना प्रेरक मंत्र
लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रेरक मंत्र बनकर सामने आया है। प्रतियोगिता के मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री ने आयोजन को स्थानीय संस्कृति से भी जोड़ा।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से मिलेगी प्रतिभाओं को नई उड़ान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है।
इस मिशन के तहत गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी भी खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से ऐसे खिलाड़ी निकलेंगे, जो भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतेंगे।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया रोल मॉडल
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो इस तरह के सफल आयोजन संभव हैं। ऐसे आयोजन खेलों के विकास और अच्छे खिलाड़ियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने हॉकी को देश का गौरव बताते हुए हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल से पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया और उनकी उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं।
