Chhattisgarh COVID-19 and H1N1: कोरोना की दस्तक के बीच बढ़ी स्वाइन फ्लू की चिंता, 37 मरीज एक्टिव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस की वापसी के साथ H1N1 स्वाइन फ्लू ने भी स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। रायपुर और राजनांदगांव में कोरोना के दो पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। दोनों मरीजों की निगरानी की जा रही है और उनके संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है।

रायपुर और राजनांदगांव में मिले कोरोना संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रायपुर में मिले कोरोना संक्रमित मरीज का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है, जबकि राजनांदगांव के मरीज को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

दोनों मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

H1N1 के 158 मामले, 37 अभी एक्टिव

कोरोना के साथ प्रदेश में H1N1 संक्रमण भी चिंता का विषय बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के 1 जनवरी से 1 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कुल 158 H1N1 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 37 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।

रायपुर में सबसे ज्यादा 66 मामले सामने आए हैं, जिनमें 8 मरीज एक्टिव हैं। वहीं दुर्ग में 17 मामले दर्ज हुए हैं और यहां 9 एक्टिव केस हैं, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा हैं।

किन जिलों में कितने H1N1 केस?

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार H1N1 के कुल मामलों की स्थिति इस प्रकार है:

  • रायपुर – 66
  • बिलासपुर – 20
  • दुर्ग – 17
  • रायगढ़ – 10
  • धमतरी – 9
  • कोरबा – 9
  • राजनांदगांव – 4
  • बस्तर – 3
  • बेमेतरा – 3
  • जांजगीर-चांपा – 2
  • कांकेर – 2
  • सूरजपुर – 2
  • सरगुजा – 2
  • बालोद – 1
  • बलौदाबाजार – 1
  • दंतेवाड़ा – 1
  • गरियाबंद – 1
  • जशपुर – 1
  • महासमुंद – 1
  • MCB – 1
  • मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी – 1
  • सक्ती – 1

दुर्ग में सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज

एक्टिव H1N1 मामलों की बात करें तो दुर्ग 9 केस के साथ सबसे आगे है। इसके बाद रायपुर में 8, कोरबा में 4 और रायगढ़ में 3 एक्टिव मरीज हैं।

बस्तर और राजनांदगांव में 2-2 एक्टिव केस हैं, जबकि बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, जशपुर, कांकेर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सूरजपुर में 1-1 एक्टिव मरीज हैं।

इन जिलों में नहीं मिला H1N1 का मामला

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में बलरामपुर, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में इस अवधि के दौरान H1N1 का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील

कोरोना और H1N1 दोनों संक्रमणों को लेकर स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करने, समय पर जांच कराने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

जरूरी सावधानी: बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस संबंधी परेशानी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना बेहतर है।

About The Author