चलती ट्रेन में चोरी के बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा, दरवाजे से लटका आरोपी; लात मारकर गिराने वाला यात्री गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन के भीतर कथित चोरी की कोशिश के बाद एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आजाद हिंद एक्सप्रेस में एक युवक पर चोरी का आरोप लगने के बाद वह पकड़े जाने से बचने के लिए ट्रेन के दरवाजे से बाहर लटक गया। इस दौरान एक यात्री ने उसे लगातार मारपीट की और कथित तौर पर लात मारकर नीचे गिरा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशन के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संदिग्ध युवक रायपुर से ट्रेन में सवार हुआ और रिजर्व कोच में एक यात्री के पास बैठ गया। कुछ देर बाद वह कथित तौर पर यात्री का सामान लेकर भागने लगा। सामान चोरी होने का एहसास होते ही पीड़ित और अन्य यात्रियों ने उसका पीछा किया। बचने के प्रयास में युवक ट्रेन के दरवाजे से बाहर लटक गया।

इसी दौरान कोच में मौजूद एक यात्री ने युवक को नीचे गिरा दिया। वायरल वीडियो में युवक ट्रेन के बाहर लटका दिखाई देता है, जबकि अंदर से एक व्यक्ति उसे लात मारता नजर आता है। कुछ ही क्षण बाद युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर जाता है।

कानून हाथ में लेना पड़ा भारी

वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक को नीचे गिराने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, चलती ट्रेन से गिरने के बाद घायल हुए कथित चोरी के आरोपी युवक की तलाश जारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग चोरी के आरोपित के खिलाफ यात्री की कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेना उचित नहीं है और ऐसे मामलों में पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल को कार्रवाई करनी चाहिए।

About The Author