इस्लामाबाद जिला अदालत के बाहर कार बम विस्फोट, 12 की मौत और कई घायल
इस्लामाबाद। जिला अदालत के बाहर मंगलवार दोपहर लगभग 12.30 बजे हुए शक्तिशाली विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अदालत परिसर के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक कार में धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
धमाके के समय अदालत क्षेत्र में भारी भीड़ और ट्रैफिक मौजूद था। विस्फोट में घायल हुए लोगों में वकील और आम नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया है और फोरेंसिक टीमों के साथ प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने घटना को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान वर्तमान में युद्ध जैसी परिस्थिति का सामना कर रहा है और यह हमला अफगानिस्तान से जुड़े आतंकवाद का संकेत है। उनके अनुसार यह किसी एक क्षेत्र तक सीमित समस्या नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए खतरा है।
जांच एजेंसियां धमाके के कारणों, कार की पहचान और संभावित मॉड्यूल को लेकर विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही हैं।
