बस्तर पुलिस ने वायरल भर्ती विज्ञप्ति को फर्जी बताया, अभ्यर्थियों से सतर्क रहने की अपील
जगदलपुर। बस्तर में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित प्रेस विज्ञप्ति ने जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। इस फर्जी विज्ञप्ति में दावा किया गया था कि वर्ष 2023-24 की चयन सूची 8 दिसंबर को जारी होगी और मेडिकल परीक्षण 15 जनवरी से शुरू किए जाएंगे। दस्तावेज को बस्तर एसपी के नाम से जारी बताया गया, लेकिन पुलिस ने इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
बस्तर पुलिस के एडिशनल एसपी माहेश्वर नाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल PHQ की वेबसाइट पर ही जारी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में प्रसारित इस तरह की भ्रामक जानकारियों पर भरोसा न करें, क्योंकि फर्जी घोषणाओं का उपयोग अभ्यर्थियों से ठगी के लिए किया जा सकता है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि कुछ लोग ऐसे अफवाह फैलाकर पैसों या दस्तावेजों की मांग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध संदेश की तथ्य-जांच करें और अपुष्ट जानकारी साझा न करें। बस्तर पुलिस ने साइबर टीम को अलर्ट कर दिया है और ऐसे भ्रामक पोस्ट की निगरानी जारी है।
