किरंदुल में साहू समाज को मिली बड़ी सौगात: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया भव्य ‘तैलीय सदन’ का लोकार्पण कर्मा महोत्सव में बोले उप मुख्यमंत्री – ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी पहचान

दंतेवाड़ा/किरंदुल। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किरंदुल में आयोजित तहसील साहू संघ के कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह में शामिल होकर समाज को बड़ी सौगात दी। उन्होंने सामाजिक पदाधिकारियों के साथ लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से निर्मित भव्य ‘तैलीय सदन’ का लोकार्पण किया।

समारोह में छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, दंतेवाड़ा विधायक चौतराम अटामी, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

“छत्तीसगढ़ का सबसे भव्य साहू समाज भवन बना है”

कर्मा महोत्सव को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि किरंदुल में साहू समाज का प्रदेश का सबसे भव्य सामाजिक भवन तैयार हुआ है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस भवन का नियमित उपयोग हो और इसे सामाजिक, शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी ताकत और पहचान है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक बनाए रखना जरूरी है।

सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाला समाज है साहू समाज

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज का सभी वर्गों और समाजों के साथ आत्मीय संबंध है। यह समाज हमेशा सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज साहू समाज के युवा देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

उन्होंने समाज के लोगों से भक्त माता कर्मा के आदर्शों पर चलकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

तेल व्यवसाय को पुनर्जीवित करने की अपील

छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि तेल निकालना साहू समाज का पारंपरिक व्यवसाय रहा है और इसे फिर से मजबूत करने की आवश्यकता है।

उन्होंने समाज के लोगों को तेल निकालने की आधुनिक मशीनें स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि सरकार द्वारा ऐसी मशीनों पर 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसका लाभ उठाकर समाज के युवा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

विधायक ने की शैक्षणिक कक्ष निर्माण की घोषणा

दंतेवाड़ा विधायक चौतराम अटामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किरंदुल में साहू समाज के लगभग 300 परिवार निवास करते हैं और समाज क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने समाज की मांग पर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा भी की।

समाजरत्न सम्मान से सम्मानित हुए लालाराम साहू

कार्यक्रम में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए लालाराम साहू को समाजरत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं माता कर्मा प्रांगण में आकर्षक कलाकृतियां तैयार करने वाले कलाकार कामता राम कोर्राम को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर भगवताचार्य यामिनी देवी साहू, लोक गायिका आरू साहू, पार्षद विनोद साहू, तहसील साहू समाज के संरक्षक ओम साहू सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

About The Author