रायपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुनील महानद के रूप में हुई है, जो सेंट्रल जेल की बाड़ी गोल 5 नंबर बैरक में बंद था।

मिली जानकारी के अनुसार, सुनील महानद ने शाम करीब 6 बजे बैरक के भीतर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं परिजनों का आरोप है कि उन्हें इस घटना की सूचना देर रात दी गई, जिससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सुनील महानद को जेल में प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। उन्होंने जेल व्यवस्था पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बताया जा रहा है कि सुनील महानद पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में विचाराधीन कैदी था और यह मामला गंज थाना क्षेत्र से संबंधित है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

About The Author