मेघालय की कोयला खदान में धमाका, 16 मजदूरों की मौत, एक घायल


नई दिल्ली। मेघालय के ताशखाई इलाके में स्थित एक कोयला खदान में मंगलवार को हुए जोरदार धमाके में कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया।

प्रशासन के अनुसार, मृतकों में शामिल मजदूरों के असम के निवासी होने की आशंका है, हालांकि उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मेघालय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और खदान के भीतर फंसे अन्य मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में खदान के भीतर गैस रिसाव या किसी तकनीकी खामी को धमाके का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

About The Author