मोहला-मानपुर में RTI के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, खैरागढ़ निवासी महिला पर 4 लाख ऐंठने का मामला

मोहला-मानपुर। जिले में सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रावास अधीक्षकों ने मोहला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर खैरागढ़ निवासी विजयलक्ष्मी पर चार लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कपिल देव चंद्रा ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि दाऊ चौरा, वार्ड क्रमांक-17, खैरागढ़ निवासी विजयलक्ष्मी ने जिले के सभी छात्रावासों से RTI के तहत जानकारी मांगी थी। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने 24 सितंबर एवं 11 नवंबर को अधीक्षकों को दस्तावेजों सहित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे, ताकि महिला अवलोकन कर सके।

शिकायत में अधीक्षकों ने आरोप लगाया कि अवलोकन के दौरान महिला ने त्रुटियां निकालकर प्रशासकीय कार्रवाई की धमकी दी। मामले को न बढ़ाने का अनुरोध करने पर पैसे की मांग की गई। मना करने पर कलेक्टर एवं उच्चाधिकारियों से शिकायत की धमकी दी गई। विवश होकर सभी अधीक्षकों ने नकद एवं यूपीआई के माध्यम से चार लाख रुपये का भुगतान किया।

थाना प्रभारी ने कहा कि शिकायत में उल्लिखित तथ्यों पर महिला एवं संबंधितों को थाने बुलाकर कथन लिया जाएगा। आवश्यक जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author