वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर, ई-रिक्शा चालक घायल, हालत गंभीर
रायपुर। नए साल के मौके पर राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार कार ने एक बार फिर कहर बरपाया है। गुरुवार को श्रीराम मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्विफ्ट कार से जा टकराई। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका पैर बुरी तरह कुचल गया और कटकर अलग हो गया।
घटना के दौरान कार में सवार लोग और सड़क से गुजर रहे कई दुपहिया वाहन चालक बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद भी कार चालक वाहन नहीं रोक सका और वीआईपी चौक की ओर फरार हो गया।
नए साल के पहले दिन श्रीराम मंदिर के आसपास भारी भीड़ मौजूद थी। मौके पर यातायात पुलिस और अन्य पुलिस बल की तैनाती भी थी। हादसे के बाद वीआईपी रोड पर जाम की स्थिति बन गई। क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा में चालक फंसा हुआ था, जबकि स्विफ्ट कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। घायल का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। स्विफ्ट कार में सवार लोग सुरक्षित हैं। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया और यातायात बहाल किया गया।
