अंबिकापुर में ठंड से व्यक्ति की मौत, अभी तक नहीं हो सकी पहचान
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ठंड की चपेट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। खुले में सो रहे इस व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसका शव पुराने बस स्टैंड के पास मिला। मंगलवार को वह इसी इलाके में देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि वह भीख मांगकर गुजारा करता था तथा उसके पास पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं थे।
मंगलवार शाम लोगों ने उसे खुले में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ठंड लगना ही पाया गया है।
बताया जाता है कि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभागों के दो से तीन पॉकेट में अगले दो दिनों तक कोल्ड वेव चलने का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के सात शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात्रिकालीन तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया तथा वहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री, पेंड्रा में 8.6 डिग्री, जगदलपुर में 9.1 डिग्री, दुर्ग में 9 डिग्री तथा राजनांदगांव में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री जगदलपुर में तथा न्यूनतम 5 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
