CG News: मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये मंजूर

रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत तत्काल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। दुर्लभ बीमारी से पीड़ित रिमोन के इलाज पर आने वाले खर्च को लेकर चिंतित किसान परिवार को इससे राहत मिली है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा था। मुख्यमंत्री ने उसे गोद में उठाकर दुलारा और उसके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज के खर्च को देखते हुए उन्होंने सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

‘यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है’: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिमोन के माता-पिता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि रिमोन के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है कि जरूरत के समय प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सहायता मिल सके।

दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है 10 वर्षीय रिमोन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों ने उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई है, जिस पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

किसान पिता के लिए मुश्किल था इलाज का खर्च

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण बेटे के महंगे उपचार की व्यवस्था करना परिवार के लिए कठिन हो रहा था। बीमारी के उपचार में देरी की चिंता के बीच मुख्यमंत्री से मिली आर्थिक सहायता ने परिवार को राहत दी है।

गीत सुनाकर रिमोन ने जताया आभार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान नन्हे रिमोन ने उन्हें गीत सुनाया और अपने अंदाज में आभार व्यक्त किया। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने बच्चे के प्रति स्नेह जताते हुए उसके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत स्वीकृत 12 लाख रुपये से रिमोन को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। परिवार को उम्मीद है कि समय पर उपचार से बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार का रास्ता आसान होगा।

About The Author