U19 Asia Cup 2026: 5 नवंबर से ओमान में होगा टूर्नामेंट, 8 नवंबर को भारत-पाकिस्तान की महामुकाबला
नई दिल्ली। अंडर-19 एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी हो गया है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी ओमान करेगा, जहां 5 नवंबर से युवा क्रिकेट टीमों के बीच खिताबी जंग शुरू होगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और 15 मुकाबले खेले जाएंगे।
इस टूर्नामेंट में क्रिकेट प्रशंसकों की सबसे ज्यादा नजर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर रहेगी। दोनों टीमें ग्रुप ए में शामिल हैं और 8 नवंबर को आमने-सामने होंगी।
भारत-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
अंडर-19 एशिया कप 2026 में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है।
- ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, UAE और नेपाल
- ग्रुप B: श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और मलेशिया
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके बाद 8 नवंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला 10 नवंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी।
U19 एशिया कप 2026: भारत का पूरा शेड्यूल
| तारीख | मुकाबला |
|---|---|
| 6 नवंबर | भारत vs नेपाल |
| 8 नवंबर | भारत vs पाकिस्तान |
| 10 नवंबर | भारत vs UAE |
टूर्नामेंट के सभी मुकाबले ओमान क्रिकेट अकादमी, अल अमेरात के दो मैदानों पर खेले जाएंगे।
5 नवंबर से शुरू होगा टूर्नामेंट
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 5 नवंबर को श्रीलंका अंडर-19 और मलेशिया अंडर-19 के बीच होगा। इसी दिन बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें भी आमने-सामने होंगी।
इसके बाद 6 नवंबर को पाकिस्तान का मुकाबला UAE से होगा। 7 नवंबर को अफगानिस्तान-मलेशिया और श्रीलंका-बांग्लादेश के बीच मैच खेले जाएंगे।
8 नवंबर को UAE और नेपाल के मुकाबले के साथ भारत-पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत होगी। 9 नवंबर को बांग्लादेश-मलेशिया और श्रीलंका-अफगानिस्तान के मैच होंगे। 10 नवंबर को भारत UAE और पाकिस्तान नेपाल से भिड़ेगा।
12 नवंबर को सेमीफाइनल, 14 को फाइनल
ग्रुप चरण के मुकाबले पूरे होने के बाद 12 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में ग्रुप ए की शीर्ष टीम का सामना ग्रुप बी की दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप बी की शीर्ष टीम और ग्रुप ए की दूसरे स्थान की टीम भिड़ेंगी।
दोनों सेमीफाइनल के विजेता 14 नवंबर को खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।
पिछली बार पाकिस्तान ने भारत को हराकर जीता था खिताब
पाकिस्तान अंडर-19 एशिया कप 2026 में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगा। 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 347 रन बनाए थे, जबकि भारतीय टीम जवाब में 156 रन पर सिमट गई थी।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने अपना दूसरा अंडर-19 एशिया कप खिताब जीता था।
आठ खिताब जीत चुका है भारत
भारत अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में सबसे सफल टीम है और अब तक आठ बार खिताब जीत चुका है। भारतीय टीम ने आखिरी बार 2021 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद 2024 और 2025 में टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन दोनों बार उसे हार का सामना करना पड़ा।
अब 2026 में भारतीय युवा टीम की नजर एक बार फिर खिताब जीतने पर होगी। नेपाल और UAE के खिलाफ ग्रुप मुकाबलों के साथ-साथ पाकिस्तान के खिलाफ मैच भी टीम के लिए अहम रहेगा। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि भारतीय खिलाड़ी पिछली हार से सबक लेते हुए इस बार ट्रॉफी तक का सफर तय करेंगे।
