CG News: नवा रायपुर में 16, 18 और 20 अक्टूबर को भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबले, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों के सफल और सुचारू आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर मैचों की तैयारियों, सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले
भारत महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज के तीन मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को अन्य संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को सुरक्षा एवं मैच संचालन से जुड़े कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया।
रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी
मैचों के सफल संचालन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है।
समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए के प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।
ई-टिकट के लिए ओपन वाई-फाई की सुविधा
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ई-टिकट को आसानी से स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश लिया जा सके।
टिकटों पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा। टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा।
पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात के अनुसार पार्किंग पास उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था भी रहेगी तैयार
मैचों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम परिसर में एम्बुलेंस तैनात रहेगी।
आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन रूट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
बिजली और मोबाइल नेटवर्क की व्यवस्था
मैचों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग आवश्यक व्यवस्था करेंगे। वहीं स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है।
खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता सहित दर्शकों की अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लिया हिस्सा
बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज को लेकर प्रशासन की तैयारियों का उद्देश्य दर्शकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मुकाबलों का सुचारू आयोजन सुनिश्चित करना है।
