UP में बड़ा IPS फेरबदल, 20 अधिकारियों का तबादला; 11 जिलों के बदले पुलिस कप्तान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने 20 IPS अधिकारियों की नई तैनाती करते हुए कई जिलों के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। तबादला सूची में बस्ती, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर, बाराबंकी, जालौन, बागपत और मथुरा समेत कई जिलों में बदलाव किया गया है।
ADG ए. सतीश गणेश का भी बदला प्रभार
तबादला सूची के साथ अपर पुलिस महानिदेशक ए. सतीश गणेश के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। उनसे अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, अपराध का अतिरिक्त प्रभार भगवान एस. श्रीवास्तव को सौंपा गया है। उनके पास तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।
जौनपुर और बस्ती में बदले पुलिस कप्तान
तबादले के तहत बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक, PAC मुख्यालय भेजा गया है।
बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को बस्ती का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
बाराबंकी और मुजफ्फरनगर में भी नई तैनाती
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP के पद पर तैनात रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP की जिम्मेदारी दी गई है।
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को 04वीं वाहिनी PAC प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया है। वहीं बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू DGP के पद पर तैनात पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
हापुड़, मऊ और गाजीपुर में भी बदलाव
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुँवर ज्ञानञ्जय सिंह को पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज में DCP बनाया गया है। वहीं मऊ के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर को DGP मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत की जिम्मेदारी दी गई है।
04वीं वाहिनी PAC प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी तरह गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ईरज राजा को बलिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि मथुरा के पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत को जालौन का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
आजमगढ़ और बरेली में भी बदली जिम्मेदारी
आजमगढ़ और बरेली में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन को पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली बनाया गया है।
वहीं पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली मानुष पारीक को पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। मधुवन कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़ के पद से हटाकर हापुड़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
मथुरा में भी नई जिम्मेदारी
हरदोई में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा बनाया गया है।
यूपी पुलिस में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद कई जिलों में पुलिस नेतृत्व की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी। नई तैनाती वाले अधिकारियों के सामने अपने-अपने जिलों में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को प्रभावी ढंग से संभालने की चुनौती होगी।

