Bastar Flood: बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार, CM साय ने अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य के निर्देश

बस्तर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत शिविरों और प्रभावित बस्तियों में अधिकारी नियमित रूप से पहुंचें और लोगों की जरूरतों की जानकारी लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

राहत कार्यों में मानवीय संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक जरूरी मदद समय पर पहुंचनी चाहिए और किसी भी परिवार को कठिन परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाए।

हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत और उनके जीवन को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कमलचंद्र भंजदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

About The Author