Asian Games 2026: गोल्ड मेडलिस्ट संजू देवी से CM साय की मुलाकात, ₹51 लाख प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य एवं छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनका अभिनंदन करते हुए ₹51 लाख की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
CM साय ने संजू देवी की उपलब्धि को बताया प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और पर्याप्त प्रोत्साहन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकें।
एशियन गेम्स के अनुभवों पर हुई आत्मीय बातचीत
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के प्रदर्शन को लेकर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने संजू देवी की मेहनत और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि वह हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देती है। संजू देवी की सफलता से छत्तीसगढ़ के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
फाइनल में भारत ने ईरान को हराकर जीता गोल्ड
उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि संजू देवी जैसी प्रतिभाओं की उपलब्धियां राज्य सरकार के इस प्रयास को और मजबूती देती हैं।
संजू देवी ने CM साय का जताया आभार
संजू देवी ने सम्मान और प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए मेहनत, समर्पण और सफलता की प्रेरणादायी मिसाल बनकर सामने आई है।
