Asian Games 2026: भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर CM मोहन यादव ने दी बधाई

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और मध्यप्रदेश का मान बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह को बधाई दी। वहीं पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने वाले ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष बालासाहेब और नीरज कुमार को भी शुभकामनाएं दीं।

इसी क्रम में महिलाओं की शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में 17.17 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए कांस्य पदक जीतने वाली मनप्रीत कौर तथा महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में 4.15 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक हासिल करने वाली बारानिका इलान्गोवान को मुख्यमंत्री ने बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीतने वाले मानुष शाह और दिया चितले को भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

बारानिका इलान्गोवान ने रचा इतिहास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का पहला पदक जीतकर बारानिका इलान्गोवान ने इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे देश और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

About The Author