Allu Arjun की ‘Raka’ ने रिलीज से पहले रचा इतिहास, Guinness World Records में दर्ज हुआ नाम
मुंबई। साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राका’ ने रिलीज से पहले ही एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। निर्देशक एटली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का नाम Guinness World Records में दर्ज हुआ है। इस रिकॉर्ड के साथ फिल्म की तकनीकी भव्यता और भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहुंच एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
अल्लू अर्जुन ने खास अंदाज में मनाया जश्न
रिकॉर्ड बनने के बाद अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा की। उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह ब्लैक बंदगला सूट में नजर आए। अभिनेता ने इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम का आभार जताया और इसे सभी की मेहनत का नतीजा बताया।
92 कैमरों से तैयार हुआ खास मोशन-कैप्चर रिकॉर्ड
‘राका’ के इस रिकॉर्ड के पीछे अत्याधुनिक मोशन-कैप्चर तकनीक का इस्तेमाल किया गया। रिकॉर्ड प्रयास के दौरान सेट पर 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का उपयोग किया गया।
इसके साथ रियल-टाइम विजुअलाइजेशन, फेस कैप्चर और एडवांस नेटवर्किंग तकनीक की मदद से कलाकारों की गतिविधियों और अभिनय को रिकॉर्ड किया गया।
4 से 70 साल तक के 37 कलाकारों ने लिया हिस्सा
इस तकनीकी उपलब्धि की खास बात यह रही कि मोशन-कैप्चर प्रक्रिया में अलग-अलग आयु वर्ग के कलाकार शामिल हुए। इसमें 4 साल के बच्चे से लेकर 70 वर्ष तक के कलाकार शामिल थे।
कुल 37 कलाकारों के मूवमेंट और एक्टिंग को एक साथ रिकॉर्ड किया गया, जिसे फिल्म की तकनीकी टीम के लिए बड़ी चुनौती बताया गया है।
‘राका’ को लेकर बढ़ा फैंस का उत्साह
एटली के निर्देशन में तैयार हो रही ‘राका’ को बड़े स्तर पर बनाया जा रहा है। फिल्म में अल्लू अर्जुन एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। फिल्म की तकनीकी उपलब्धि के बाद फैंस के बीच इसके लिए उत्सुकता और बढ़ गई है।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे अल्लू अर्जुन
‘राका’ के अलावा अल्लू अर्जुन के पास कई बड़े प्रोजेक्ट हैं। वह निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ ‘AA23’ में नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी लोकप्रिय ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘पुष्पा 3: द रैम्पेज’ को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
