Ganesh Chaturthi: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर मांगी प्रदेश की सुख-समृद्धि
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गणेश उत्सव के अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पहुंचकर वहां विराजित विघ्नहर्ता भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
प्रदेश की खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए की प्रार्थना
पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान गणेश से समस्त छत्तीसगढ़वासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और खुशहाली के लिए भी भगवान गणेश का आशीर्वाद मांगा।
गणेश उत्सव को आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता का पर्व बताते हुए मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ केश शिल्पी विकास बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, श्रीमती वीणा सिंह सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आस्था और संस्कृति का संदेश
गणेश पूजा के इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक सहभागिता भी देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
