Mithu Mukherjee Death: बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का निधन, 71 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
मुंबई। बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का 71 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद बंगाली सिनेमा जगत में शोक की लहर है।
बंगाली फिल्मों में बनाई खास पहचान
मिथु मुखर्जी ने अपने अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस के जरिए बंगाली सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई चर्चित फिल्मों में काम किया और अपने दौर के प्रमुख कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा की।
17 साल की उम्र में शुरू हुआ था फिल्मी सफर
साल 1955 में कोलकाता में जन्मी मिथु मुखर्जी ने महज 17 वर्ष की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। वर्ष 1972 में उन्होंने चित्त बोस की फिल्म ‘शेष पर्बा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की।
इसके बाद ‘मर्जिना अब्दुल्ला’ से उन्हें व्यापक पहचान मिली। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया।
इन चर्चित फिल्मों में किया काम
मिथु मुखर्जी ने ‘निशिकन्या’, ‘मौचक’, ‘कवि’, ‘होटल स्नो फॉक्स’, ‘प्रतिमा’, ‘बंधन’, ‘प्रार्थना’ और ‘स्वयंसिद्धा’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
बंगाली सिनेमा के अलावा उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी काम किया। वर्ष 1976 में दुलाल गुहा की फिल्म ‘खान दोस्त’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह ‘सफेद झूठ’, ‘दिल्लगी’ और ‘दो लड़के दोनों कड़के’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।
उत्तम कुमार और सौमित्र चटर्जी के साथ किया काम
अपने फिल्मी करियर में मिथु मुखर्जी ने उत्तम कुमार, सौमित्र चटर्जी और रंजीत मल्लिक जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। उनके निधन से बंगाली फिल्म जगत में शोक का माहौल है।
उनके प्रशंसक और फिल्म जगत से जुड़े लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
