Japan Typhoon Dujuan: जापान में तूफान ‘डुजुआन’ का कहर, 198 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवाएं; भारी बारिश का अलर्ट

टोक्यो। जापान में शक्तिशाली तूफान ‘डुजुआन’ ने दस्तक दे दी है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं, भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की आशंका के चलते टोक्यो समेत आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

198 किमी/घंटे तक पहुंची हवा की रफ्तार

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, सोमवार सुबह तूफान डुजुआन टोक्यो के पास इजू द्वीप समूह के हाचिजो द्वीप से करीब 100 किलोमीटर दूर था। तूफान लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा था।

तूफान के केंद्र में वायुमंडलीय दबाव 960 हेक्टोपास्कल दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम हवाओं की रफ्तार करीब 198 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।

भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा

तूफान के प्रभाव से पूर्वी जापान के कांटो-कोशिन और मध्य जापान के तोकाई क्षेत्र में भारी बारिश शुरू हो गई है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी सामने आई है।

मौसम एजेंसी ने कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन को लेकर लेवल-4 अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में तोकाई क्षेत्र में 350 मिमी तक, कांटो और इजू द्वीप समूह में 300 मिमी तक और तोहोकू क्षेत्र में 200 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

एशियन गेम्स के आयोजनों पर भी असर

जापान में चल रहे एशियन गेम्स के बीच आए इस तूफान का असर खेल आयोजनों पर भी पड़ा है। खराब मौसम के कारण इक्वेस्ट्रियन खेलों की कुछ प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गई हैं।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

हाईवे और बुलेट ट्रेन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका

तूफान के कारण जापान की परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। कई हाईवे के हिस्सों को बंद किया गया है। वहीं टोक्यो और पश्चिमी जापान के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन सेवाओं में देरी या रद्दीकरण की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

About The Author