Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम का धमाकेदार आगाज, उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया; दीपिका सेहरावत ने दागे 8 गोल

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार अंदाज में अपने अभियान की शुरुआत की। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की।

दीपिका सेहरावत ने रचा इतिहास, अकेले दागे 8 गोल

मुकाबले की सबसे बड़ी स्टार दीपिका सेहरावत रहीं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले 8 गोल दागे। दीपिका ने 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए।

दीपिका के इस प्रदर्शन को भारतीय महिला हॉकी के एक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड के रूप में बताया गया है।

इशिका की हैट्रिक, इन खिलाड़ियों ने भी चमकाया खेल

दीपिका के अलावा इशिका ने हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने 11वें, 42वें और 54वें मिनट में गोल किए।

वहीं नवनीत कौर और लठंतलुआंगी ने दो-दो गोल किए। इसके अलावा लालरेम्सियामी, बलजीत कौर, नेहा गोयल और साक्षी राणा ने एक-एक गोल कर भारत के स्कोर को 19 तक पहुंचाया।

19 गोल के बावजूद नहीं टूटा भारत का सबसे बड़ा रिकॉर्ड

उज्बेकिस्तान के खिलाफ 19 गोल की शानदार जीत के बावजूद भारतीय महिला टीम अपना सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी।

भारतीय महिला टीम ने 2016 साउथ एशियन गेम्स में नेपाल के खिलाफ 24 गोल किए थे। वहीं एशियन गेम्स में भारत का सर्वाधिक स्कोर 1982 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 22 गोल का रहा है। 2018 एशियन गेम्स में भी भारत ने कजाखस्तान को 21-0 से हराया था।

खिताब की ओर मजबूत कदम

एशियन गेम्स में इस धमाकेदार शुरुआत से भारतीय महिला हॉकी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। अब टीम की नजरें आगामी मुकाबलों में इसी लय को बरकरार रखते हुए गोल्ड मेडल की ओर कदम बढ़ाने पर होंगी।

About The Author