Junior Asia Cup 2026: चीन को हराकर भारत बना चैंपियन, छत्तीसगढ़ की मधु सिदार और गीता यादव का शानदार योगदान

जशपुर। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने Junior Asia Cup 2026 के फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार की अहम भूमिका रही।

खिताबी जीत के बाद जशपुर की बेटी मधु सिदार जब अपने गृह ग्राम चीड़ोरा पहुंचीं, तो कांसाबेल चौक पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मधु का स्वागत कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।

कांसाबेल चौक पर हुआ भव्य स्वागत

मधु सिदार के स्वागत समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जशपुर हॉकी टीम के अध्यक्ष वाल्टर कुजूर, उपाध्यक्ष संतोष चौधरी, मधु के माता-पिता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने मधु को बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उनकी उपलब्धि को जशपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया गया।

Junior Asia Cup में मधु सिदार ने किए चार गोल

Junior Asia Cup 2026 के दौरान मधु सिदार ने भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में चार गोल किए।

मधु ने पाकिस्तान और नॉर्थ कोरिया के खिलाफ दो-दो गोल दागे। उनके प्रदर्शन ने भारतीय टीम के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बिना कोई मुकाबला गंवाए भारत ने जीता खिताब

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और बिना कोई मुकाबला गंवाए खिताब अपने नाम किया

फाइनल में चीन को 1-0 से हराने के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप का खिताब जीता। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 2027 जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

मधु सिदार का लक्ष्य ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना

सम्मान समारोह के दौरान मधु सिदार ने अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर कहा कि वह आगे चलकर ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए वह अभी से अपनी तैयारी जारी रख रही हैं।

मधु की इस उपलब्धि से जशपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण बनी है।

About The Author