NH-30 पर स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री के वाहन और फिर फॉलो वाहन को मारी टक्कर, घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ागांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले वन मंत्री केदार कश्यप के वाहन को साइड से टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से भी जा टकराई।

फॉलो वाहन में सवार 4 पुलिसकर्मी और चालक घायल

हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी और वाहन चालक घायल हो गए। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। वन मंत्री केदार कश्यप स्वयं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कोण्डागांव जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने सड़क हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

About The Author