मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री पाटिल से की सौजन्य भेंट
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मध्यप्रदेश में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पेयजल उपलब्धता तथा जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश की जल अवसंरचना को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से जल शक्ति से संबंधित परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कृषि, ग्रामीण विकास और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के विकास कार्यों में केंद्र सरकार द्वारा निरंतर दिए जा रहे सहयोग के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के समन्वय से विकास परियोजनाओं को गति मिलने का विश्वास जताया।
