स्कूल में शराब पार्टी करना शिक्षकों को पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही दोनों निलंबित

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी स्कूल परिसर में शराब पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मैनपुर विकासखंड के स्कूल में पदस्थ शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर बैठकर शराब पीते और चखना करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे, जिससे पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आई।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। शिक्षा विभाग ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author