ICC World Cup 2027: 14 टीमों के बीच होगा महामुकाबला, 57 मैच और 12 वेन्यू, ICC ने किया बड़े बदलावों का ऐलान
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो, नया फॉर्मेट और मेजबान स्टेडियमों की सूची जारी कर दी है। क्रिकेट का यह सबसे प्रतिष्ठित 50 ओवरों का टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा।
सबसे खास बात यह है कि 24 साल बाद वनडे विश्व कप की अफ्रीका में वापसी हो रही है। इससे पहले वर्ष 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने संयुक्त रूप से विश्व कप की मेजबानी की थी।
नए फॉर्मेट में खेला जाएगा टूर्नामेंट
आईसीसी ने इस बार टूर्नामेंट के प्रारूप में बदलाव किया है। वर्ल्ड कप 2027 में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे।
नए तीन-स्तरीय फॉर्मेट के तहत सबसे पहले सुपर सीरीज होगी, जिसमें रैंकिंग की 12वीं, 13वीं और 14वीं टीमों के बीच मुकाबला होगा। इस चरण की विजेता टीम सुपर-12 में प्रवेश करेगी।
इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा जाएगा, जहां लीग चरण के मुकाबलों के बाद सर्वश्रेष्ठ सात टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी और विजेता टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
12 स्टेडियमों में होंगे विश्व कप के मुकाबले
🇿🇦 दक्षिण अफ्रीका
- वांडरर्स स्टेडियम (जोहानिसबर्ग)
- सुपरस्पोर्ट पार्क (सेंचुरियन)
- न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केपटाउन)
- किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन)
- सेंट जॉर्ज पार्क (गकेबेर्हा)
- मंगाउंग ओवल (ब्लोमफोंटेन)
- बोलैंड पार्क (पार्ल)
- बफेलो पार्क (ईस्ट लंदन)
🇿🇼 जिम्बाब्वे
- हरारे स्पोर्ट्स क्लब (हरारे)
- क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो)
- फाले मोसी-ओआ-टुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स)
🇳🇦 नामीबिया
- नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक)
जय शाह बोले- अफ्रीका में विश्व कप की वापसी ऐतिहासिक
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि 24 वर्षों बाद वनडे विश्व कप का अफ्रीका लौटना क्रिकेट जगत के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने भरोसा जताया कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर दुनिया को एक यादगार और सफल टूर्नामेंट देंगे।
इस मौके पर विश्व कप 2027 का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया। टूर्नामेंट की ब्रांड थीम “Three Nations, One Heartbeat” रखी गई है, जो तीनों मेजबान देशों की साझी मेजबानी और क्रिकेट के प्रति उनके जुनून को दर्शाती है।
